व्यापार

3 EME सेंटर पर फ्लाईओवर का निरीक्षण करने पहुंचे रामेश्वर शर्मा, DRM भोपाल के साथ कार्य की प्रगति जांची

  • डीआरएएम भोपाल के साथ विधायक रामेश्वर शर्मा ने किया संत नगर फ़्लाइओवर एवं स्टेशन का दौरा, फ्लाईओवर से संत नगर स्टेशन जोड़े जाने को लेकर चर्चा की
  • फाटक रोड फ़्लाइओवर को संत नगर रेल्वे स्टेशन से भी जोड़ा जाए – रामेश्वर शर्मा

भोपाल
हुजूर विधानसभा से तीसरी बार चुनकर आए विधायक रामेश्वर शर्मा ने अपने पुराने अंदाज में क्षेत्र के दौरे-निरीक्षण फिर चालू कर दिए हैं। वह आए दिन विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों का अवलोकन करने जाते हैं। बुधवार को विधायक रामेश्वर शर्मा ने भोपाल डीआरएम श्री देवाशीष त्रिपाठी के साथ हुजूर के संत हिरदाराम नगर में फाटक रोड थ्री-ईएमई सेंटर पर बन रहे फ्लाईओवर का निरीक्षण किया। विधायक शर्मा ने फ्लाईओवर के निर्माण संबंधी अवलोकन कर कार्य की प्रगति जांची। इसके साथ ही उन्होंने डीआरएम भोपाल से इस फ्लाईओवर को संत हिरदाराम नगर रेल्वे स्टेशन से जोड़े जाने की प्लानिंग को लेकर चर्चा की। इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेजी से जारी है, यदि इसी रफ्तार से काम चलता रहा तो जल्द ही फ्लाईओवर का निर्माण पूरा हो जाएगा।

निरीक्षण के दौरान श्री शर्मा ने सुझाव दिया कि फाटक रोड पर बन रहे फ़्लाइओवर को संत हिरदाराम नगर रेल्वे स्टेशन से भी जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि – निश्चित रूप से यह सराहनीय कदम है, करोड़ों की लागत से स्टेशन का नव निर्माण हो रहा है परन्तु संत नगर रेल्वे स्टेशन की बेहतर कनेक्टिविटी न होने की वजह से यात्रियों को परेशान होना पड़ता है। उन्होंने आगे कहा कि – परस्पर समन्वय के साथ रेल्वे एवं लोक निर्माण विभाग इसका निर्माण करेंगे। जिसके तहत सर्विस रोड, स्ट्रीट लाइट के साथ इस फ़्लाइओवर का निर्माण किया जाएगा।

10 करोड़ अतिरिक्त खर्च होंगे
विभागीय अधिकारियों के अनुसार रेल्वे स्टेशन से जोड़ने के लिए यह फ़्लाइओवर 7.50 मीटर चौड़ा एवं 300 मीटर लंबा होगा । सर्विस रोड के साथ लगभग 10 करोड़ की अतिरिक्त राशि इसमें खर्च होगी।

70 साल पुरानी मांग पूरी होगी
संत नगर के रहवासियों द्वारा पिछले लगभग 70 सालों से फाटक रोड पर फ्लाईओवर बनाने की मांग की जा रही थी। फ्लाईओवर न होने के कारण आर्मी वाहन और शव यात्राओं को घंटों ट्रैफिक के बीच से गुजरना पड़ता था। आम नागरिक भी रोजमर्रा की आवाजाही में ट्रेफिक से परेशान होता था। नागरिकजनों की इसी समस्या को ध्यान में रखकर विधायक रामेश्वर शर्मा द्वारा इस फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है। फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इसे संत नगर रेल्वे स्टेशन से जोड़ने के लिए कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है।

ये रहे उपस्थित
फ़्लाइओवर के निरीक्षण के दौरान डीआरएम के साथ साथ अपर आयुक्त विनीत तिवारी, एसडीएम आदित्य जैन, कार्यपालन यंत्री जावेद शकील सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *